दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत के 10 करोड़ में विधायक खरीदने के बयान पर कहा- यदि ऐसे सौदे होते तो मैं यहां भाषण नहीं दे रहा होता। पूरी जनता मेरे बारे में अच्छे से जानती है। वहीं दौसा जिला प्रभारी और पूर्व विधायक राकेश पारीक ने पूर्व सीएम अशोक के 10 करोड़ वाले बयान पर कहा- बुढ़ापे में ऐसा हो जाता है। दरअसल, सोमवार को दौसा में आयोजित जिला कांग्रेस की नवनियुक्त कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह का था। इसमें दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा, पूर्व विधायक ममता भूपेश, पूर्व विधायक राकेश पारीक, पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा और दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा मौजूद रहे। बोले- परिवार में बातें चलती रहेंगी कार्यक्रम में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा ने कहा- घर-परिवार में ऐसी बातें चलती रहती हैं और आगे भी चलती रहेंगी। मैं ये नहीं कहता कि हमारा परिवार एकदम सब सही है। चुनाव में कांग्रेस 150 सीटें जीतेगी। अशोक गहलोत वरिष्ठ नेता हैं, जबकि सचिन पायलट युवा और ऊर्जावान नेता हैं। ये काम राहुल गांधी का सचिन पायलट के प्रदेश अध्यक्ष बनने के सवाल पर पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा- जिला कार्यकारिणी की पहली मीटिंग में संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई है। राहुल गांधी का एक ही संदेश है कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ पर पार्टी को जीत दिलवाए। यह काम राहुल गांधी का है, वहीं जानें। राहुल गांधी ने तो डोटासरा और जूली की टीम की तारीफ करते हुए दूसरे प्रदेशों को इनसे प्रेरणा लेने की बात कही थी। मानेसर में सरकार गिराने के सवाल पर परसादी लाल ने कहा- सरकार बच गई न, ये बहुत पुरानी बात हो गई है। कल एक मंत्री के विभाग में कांड हो गया: भूपेश इसी दौरान सभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने कहा- पहले एक मंत्री बात-बात पर इस्तीफा देने की बात कहते फिरते थे, लेकिन कल उनके विभाग में इतना बड़ा कांड हो गया। इसके बावजूद पता नहीं इस्तीफा कौनसी जेब में छुपा के रखा हुआ है।
