टोंक में नगर परिषद के बैकुंड धाम में सीवरेज का चैंबर रखने के लिए की गई खुदाई के दौरान पेयजल पाइप लाइन टूट गई थी। जो अभी भी दुरुस्त नहीं हो पाई है। जिस कारण से क्षेत्र के लोगों की पेयजल सप्लाई ठप पड़ी है। लोगों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। दस दिन से पेयजल करीब डेढ़ किमी दूर से लाना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी कमलेश सैनी उर्फ ठाकर सोलंकी ने बताया- सीवरेज वालों ने बिना जलदाय विभाग से NOC लिए बिना बैकुंठ धाम क्षेत्र में करीब आठ-दस दिन पहले जेसीबी मशीन से खुदाई की थी। इससे अंडर ग्राउंड डाल रखी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। उसके बाद उस क्षेत्र के कई परिवारों के नलों में बीसलपुर का शुद्ध पानी की होने वाली पेयजल सप्लाई ठप हो गई है। इसके चलते टैंकरों से पानी खरीदने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने बताया- इस लाइन को ठीक नहीं करने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं ने बताया- इस लाइन को ठीक करने के लिए जलदाय विभाग से लेकर नगर परिषद को अवगत करा दिया, लेकिन किसी से सुध नहीं ली। शिकायत के बावजूद जलदाय विभाग, नगर परिषद और सीवरेज विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर डॉ. टीना डाबी से मांग की है कि 24 घंटे में पाइपलाइन ठीक करवाई जाए और लापरवाह ठेकेदार से नुकसान की वसूली हो। समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
