राजस्थान पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन म्यूल हंटर” के तहत भिवाड़ी और खैरथल-तिजारा पुलिस जिलों में एक बड़े साइबर अपराधी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस अभियान में कुल 116 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 161 मोबाइल, 181 सिम कार्ड, 7 एटीएम कार्ड, 5 चेक बुक, 3 पासबुक, 14,500 रुपए नकद और एक कार बरामद की है। यह अभियान 1 अप्रैल से 31 मई तक चलाया गया था। भिवाड़ी एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के नेतृत्व में भिवाड़ी-खैरथल-तिजारा पुलिस ने इस दौरान कार्रवाई की। भिवाड़ी एसपी ने बताया- गिरफ्तार अपराधी विभिन्न फर्जी तरीकों से आम जनता को ठग रहे थे। इनमें फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से धोखाधड़ी, घर बैठे नौकरी के नाम पर पेन-पेंसिल कंपनियों में भर्ती का लालच, फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर ब्लैकमेलिंग और सस्ते लैपटॉप बेचने का झांसा देना शामिल था। अभियान के दौरान भिवाड़ी, चौपानकी, टपूकड़ा, शेखपुर अहीर, तिजारा, जैरोली, किशनगढ़ बास, कोटकासिम, खैरथल और ततारपुर पुलिस थानों की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की। साइबर सेल की तकनीकी मदद से कुल 60 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।