श्रीगंगानगर में साधुओं के वेश बनाकर दुकानदारों से ठगी को कोशिश की गई। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पंजाब के रहने वाले हैं। हालांकि दो आरोपी फरार होने में कामयाब रहे। जानकारी के अनुसार- रेलवे स्टेशन रोड पर चार व्यक्ति साधु के वेश में दुकान-दुकान जाकर लोगों को रुपए दोगुने करने का झांसा दे रहे थे। दो-तीन दुकानदारों ने 1 से 2 हजार रुपए तक उन्हें दे भी दिए थे। जब दुकानदारों को ठगी का शक हुआ तो उन्होंने कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही ठगों में हड़कंप मच गया। दो आरोपी मौके से फरार हो गए। जबकि दो को पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों आरोपियों से कोतवाली थाने में पूछताछ की जा रही है। पंजाब के रहने वाले हैं आरोपी आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों पंजाब के मलोट क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस इनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने स्थानीय दुकानदारों व व्यापारियों से अपील की है कि ऐसे किसी भी व्यक्ति को, जो साधु के वेश में रुपए दोगुने या तिगुने करने का लालच दे, तुरंत पुलिस को सूचित करें।
