नाहरगढ़ थाना पुलिस ने नकबजनी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मकान सूना मिलने पर ताला तोड़कर डेढ़ लाख रुपये नकद सहित लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई और चोरी का माल भी बरामद कर लिया। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने माउंट रोड स्थित एक मकान में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण और चांदी के बर्तन बरामद किए गए हैं। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि 14 मई को माउंट रोड निवासी पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि परिवार के सदस्य की गंभीर बीमारी और निधन के कारण घर बंद था। इस दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अलमारी और तिजोरी से 1.50 लाख रुपये नकद सहित बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मामले में थाना नाहरगढ़ पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और फुटेज के आधार पर पुलिस ने 30 मई को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कासिफ खां (19) निवासी टोंक रिसाला बस्ती, जालूपुरा जयपुर और ऐजास उर्फ मोटा (24) निवासी टोंक, हाल निवासी शिवपुरी (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन, सोने की अंगूठी और चांदी की थाली, कटोरी, बगड़ी, लेडीज ब्रेसलेट, चांदी का नारियल और 40 घुंघरू बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि ऐजास उर्फ मोटा एक शातिर नकबजन है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नकबजनी, लूट और पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
