वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने से आज शाम को उदयपुर और सलूंबर जिले में बारिश हुई। इससे पहले तेज हवाएं चली। गोगुंदा में तेज बारिश के बीच ओले गिरे तो वल्लभनगर में पेड़ गिरने से मोरजाई जाने वाला रास्ता बंद हो गया। उदयपुर में आज शाम करीब साढ़े छह बजे से तेज धुल भरी हवाएं चलने के साथ ही अधंड़ चलने लगा। शाम को करीब 15 मिनट तक तेज हवाएं चली और उसके बाद बारिश होने लगी। इस दौरान शहर के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। इससे पहले जिले के फतहनगर, वल्लभनगर सहित कई इलाकों में शाम को बारिश हुई। गोगुंदा कस्बे में शाम को तेज बारिश हुई और वहां इस दौरान ओले भी गिरे। कस्बे में जलभराव के चलते कुछ दुकानों में पानी भर गया। उदयपुर के वल्लभनगर कस्बे में शाम को जोरदार बारिश हुई। वल्लभनगर से सियाखेड़ी होकर मोरजाई गांव जाने वाला रोड बंद हो गया है क्योंकि एक विशालकाय पेड़ रोड के बीच में गिर गया। मौसम एक्सपर्ट डॉ.आर.एस. देवड़ा ने बताया कि आगे भी बादल छाए रहने के साथ तेज गति से हवा चलेगी और बिजली चमक मेघ गर्जन के साथ खण्ड वर्षा होने कि संभावना है। कही कही ओला वृष्ठि हो सकती है। लेकसिटी में आने वाले चार दिनों तक बादल छाये रहने के साथ अचानक से तेज गति की हवा चलने की संभावना है।
इनपुट : गोगुंदा से गोपाल लोढ़ा, वल्लभनगर से रमेश डांगी और पलाना से लिलेश सुयल
