करौली जिले में शुक्रवार रात आए तेज अंधड़ ने विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस दौरान जिलेभर में 92 विद्युत पोल गिर गए और 8 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। कई स्थानों पर बिजली के तार और केबल टूटने से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत निगम की टीमें पूरी रात और शनिवार को भी मरम्मत कार्य में जुटी रहीं ताकि बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके। अंधड़ से सबसे अधिक नुकसान सपोटरा उपखंड में हुआ, जहां 49 पोल धराशायी हो गए और 7 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए। यहां केबल और बिजली के तार भी बड़े पैमाने पर टूटे हैं। अन्य क्षेत्रों में भी विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। श्रीमहावीरजी क्षेत्र में 9, कैलादेवी में 13, मासलपुर में 6, करौली शहर में 6, करौली ग्रामीण में 2 और मंडरायल में 2 विद्युत पोल गिरे। इन स्थानों पर बिजली लाइनों और केबलों को भी क्षति पहुंची है। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता आर.एस. गुर्जर ने बताया कि अंधड़ के कारण विद्युत तंत्र को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने जानकारी दी कि अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि शेष स्थानों पर मरम्मत कार्य अभी भी जारी है। नुकसान का अंतिम आकलन किया जा रहा है।