खैरथल-तिजारा में तेज धूलभरी आंधी और तूफानी हवाओं से दिन के उजाले में ही शाम जैसा अंधेरा छा गया। कई जगहों पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। भीषण गर्मी और तपते मौसम से परेशान लोगों को अचानक चली ठंडी हवाओं ने बड़ी राहत दी। जनजीवन हुआ प्रभावित आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क पर दृश्यता काफी कम हो गई। धूल के गुबार के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। बाजारों में लोगों ने सुरक्षित स्थानों का सहारा लिया,जबकि कई दुकानदारों ने धूल से बचाव के लिए अपने शटर आंशिक रूप से बंद कर दिए। धूल के गुबार से घुटा माहौल तेज हवाओं के साथ उड़ती धूल ने पूरे जिले को अपनी चपेट में ले लिया।वातावरण में धुंधलापन छा गया और दूर तक देखना मुश्किल हो गया। कई लोगों ने आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी की शिकायत भी की।घरों और दुकानों के दरवाजे-खिड़कियां बंद करने की नौबत आ गई। आंधी के साथ हुई बारिश तेज आंधी के बीच कई क्षेत्रों में बारिश भी शुरू हो गई,जिससे मौसम और सुहावना हो गया। बारिश की बूंदों और ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई। हालांकि कुछ क्षेत्रों में बारिश कम होने से लोगों को अधिक वर्षा की उम्मीद अधूरी रह गई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।विभाग ने तेज हवाओं, आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।