Kishau Project : देश में लंबे समय से अटकी जल परियोजनाओं को गति देने की दिशा में मंगलवार को बड़ा कदम उठाया गया। किशाऊ बहुद्देशीय परियोजना को लेकर छह राज्यों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे राजस्थान को टौंस नदी पर प्रस्तावित किशाऊ बांध से 124 एमसीएम पानी मिलेगा। यह पानी ताजेवाला हैड से चूरू के हासियावास तक प्रस्तावित तीन पाइपलाइन के जरिए राजस्थान पहुंचेगा। इससे सीकर, चूरू, झुंझुनूं और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल तथा अन्य आवश्यकताओं के लिए जल उपलब्ध होगा। समझौते के तहत हिमाचल प्रदेश अपने हिस्से का 95 प्रतिशत पानी राजस्थान और दिल्ली को दे रहा है। इसके बदले दिल्ली और राजस्थान हिमाचल के विद्युत घटक की लागत वहन करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में यहां उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों ने करार पर हस्ताक्षर किए। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल भी मौजूद रहे।