शातिर ठग सोशल मीडिया पर लोगों के प्रोफाइल खंगालता, इसके बाद सगाई और बधाई की पोस्ट से अपना टारगेट सेट करता। मोबाइल नंबर जुटाकर लड़की की आवाज में कॉल कर कहता- जीजाजी, मैं आपकी साली बोल रही हूं। मीठी-मीठी बातें करके आरोपी ठगी की वारदात को अंजाम देता था। सवाई माधोपुर की कोतवाली थाना पुलिस ने ठग को बारां जिले से गिरफ्तार कर लिया है। मामले की शिकायत 1930 पर की गई थी। साइबर हेल्प लाइन पर दर्ज मिली 10 शिकायतें कोतवाली थानाधिकारी मदन लाल मीणा ने बताया- 2 अप्रैल को SP ऑफिस से कुछ म्यूल अकाउंट्स की सूची प्राप्त हुई थी। इनके जरिए ठगी किए जाने का अंदेशा था। हम इसी की जांच कर रहे थे। बैंक खातों की जांच के दौरान साइबर हेल्पलाइन 1930 पर ठगी की कुल 10 शिकायतें दर्ज मिलीं। इन शिकायतों के आधार पर कोतवाली थाने में 27 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया। ठगी का एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार मदन लाल मीणा ने बताया- मामला दर्ज होने के बाद एक आरोपी नरेंद्र सैनी को गिरफ्तार किया गया। जबकि दूसरा आरोपी गणेश उर्फ दिलखुश (24) पुत्र मोरपाल निवासी कुश्तला फरार चल रहा था। गणेश के बारे में जांच की तो पता चला कि वो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सगाई की पोस्टों को खंगालता था। पोस्टों से परिवार और रिश्तेदारों की जानकारी निकाल लेता था। इसके बाद लड़की की आवाज में “साली” बनकर कॉल करता और लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देता था। गणेश को पुलिस ने बांरा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है। यह कार्रवाई एसपी ज्यैष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में, एएसपी विजय सिंह मीणा और सीओ सिटी उदय सिंह मीना के सुपरविजन में थानाधिकारी मदनलाल मीणा के नेतृत्व में की गई।
