जन अभियोग निराकरण विभाग ने फलोदी जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति का गठन किया है। प्रशासनिक सुधार विभाग के आदेश पर गठित इस दस सदस्यीय समिति में विभिन्न वर्गों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। समिति में महिला वर्ग से डिम्पल चौधरी पूनासर, अनुसूचित जाति (SC) वर्ग से दीपाराम मेघवाल खीचन, अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से हरूराम भील लोहावट, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से माणकराम सुथार, सामान्य वर्ग से लीला बोहरा फलोदी और अल्पसंख्यक वर्ग से सुल्तान खां को सदस्य बनाया गया है। लीला बोहरा पूर्व में नगरपालिका अध्यक्ष और माणक सुथार नगरपालिका में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं। इनके अलावा, सामाजिक कार्यकर्ता रेवतसिंह राजपुरोहित खीचन, हेमाराम कुमावत देचू, कानसिंह आसरलाई और सुमेराराम सींवर देणोक को भी समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इस समिति का मुख्य उद्देश्य जन अभियोगों का त्वरित निस्तारण करना, प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और आमजन की समस्याओं के समाधान में जनभागीदारी बढ़ाना है।