बारां के रामगढ़ में 77वां जिला स्तरीय वन महोत्सव मनाया गया। इस मौके पर रामगढ़ क्रेटर को इको-टूरिज्म हब के तौर पर विकसित करने की बात कही गई। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन और वन विभाग ने मिलकर आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासू ने मां सरस्वती की पूजा करके कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान परिसर में कई तरह के पौधे लगाए गए। डीएफओ बड़े विवेकानंद ने बताया कि जिले में पौधरोपण का काम तय लक्ष्य से ज्यादा हुआ है। अब तक 18 लाख 78 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। वन विभाग ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर लक्ष्य से 10 प्रतिशत ज्यादा यानी 110 प्रतिशत पौधरोपण का टारगेट पूरा किया है। डीएफओ ने यह भी बताया कि राजस्थान की पहली जियो हेरिटेज साइट रामगढ़ क्रेटर को इको-टूरिज्म जगह के रूप में तैयार किया जा रहा है। यहां पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं और जैव विविधता को बचाने पर खास ध्यान दिया जा रहा है। इससे यह इलाका पर्यावरण और पर्यटन दोनों के लिए एक मिसाल बनेगा। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासू, डीएफओ बड़े विवेकानंद, एडीएम भंवरलाल, किशनगंज रेंजर भूपेंद्र सिंह हाड़ा, देवराज सुमन, दीपक चौधरी सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।