दौसा कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने मंगलवार को ‘सहकार से समृद्धि’ योजना के तहत संचालित ‘सहकारिता में सहकार’ अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि सहकारिता की भावना को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू कर तथा संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ही विकास की गति को तेज किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ‘‘सहकारिता में सहकार’’ की अवधारणा को मूर्त रूप देने से त्वरित प्रगति संभव है। सहकार भवन में आयोजित समीक्षा बैठक एवं कार्यशाला में जिले की विभिन्न सहकारी संस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक रोहित सिंह ने बताया कि दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों एवं सदस्यों के खाते केन्द्रीय सहकारी बैंक में खोले जा रहे हैं तथा समितियों को बैंक मित्र बनाकर माइक्रो एटीएम उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही दुग्ध उत्पादक किसानों को रूपे केसीसी कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। जिला विकास प्रबंधक मीनाक्षी मीना ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। एडीएम में ली अधिकारियों की बैठक इधर अतिरिक्त जिला कलक्टर अरविंद शर्मा ने ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। यह अभियान 25 मई से प्रारंभ होकर 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस तक संचालित किया जाएगा। ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण वहीं भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा एवं राज्य ईवीएम-वीवीपैट नोडल अधिकारी सुरेश चन्द्र ने जिला कलक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।