उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सोमवार को गंगा दशमी के पावन अवसर पर ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026’ की शुरूआत की। गलता मंदिर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ दिया कुमारी ने पूजा-अर्चना, गंगा आरती और श्रमदान के साथ किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान जैसे शुष्क और मरु प्रदेश में जल संग्रहण और जल संरक्षण बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि 25 मई से 5 जून तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण को जनजागृति के माध्यम से जन आंदोलन बनाना है। अभियान के तहत नई जल संचयन संरचनाओं का निर्माण, पारंपरिक जल स्रोतों का पुनरुद्धार, जल स्रोतों की साफ-सफाई और ‘हरियालो राजस्थान’ महाअभियान की तैयारियां की जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान दीया कुमारी ने महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा की अगुवाई की और गलता तीर्थ स्थित गौशाला में गायों को चारा खिलाकर गौसेवा भी की। जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि जयपुर जिले में अभियान के तहत 73 जल संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें करीब 17,903 नागरिकों ने भागीदारी निभाई। जिले के विभिन्न ब्लॉकों और नगर निकायों में पौधारोपण, जल पूजन, पीपल पूजन, रैलियां, रंगोली, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं, जल स्रोतों की सफाई और जल शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। सांभर लेक, किशनगढ़ रेनवाल, फागी, शाहपुरा, सांगानेर, गोविंदगढ़, जोबनेर, दूदू और मौजमाबाद सहित कई क्षेत्रों में ग्रामीण महिलाओं ने कलश यात्राएं निकालीं और जल संरक्षण का संदेश दिया। वहीं विद्यार्थियों ने रैलियों और प्रतियोगिताओं के जरिए लोगों को जल बचाने के लिए जागरूक किया। इस मौके पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ भी मौजूद रहीं। जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर आशीष कुमार, देवस्थान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त रत्न लाल योगी सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
