कोटपूतली में जिला प्रभारी मंत्री विजय सिंह चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को समीक्षा बैठक हुई। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में बजट घोषणाओं, राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, ग्रीष्मकालीन आकस्मिक योजना और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण के निर्देश
प्रभारी मंत्री चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। पेयजल समस्याओं पर हुई चर्चा
ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों के मद्देनजर, प्रभारी मंत्री ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को खराब ट्यूबवेल, लीकेज वाली जल टंकियों और पंपसेट सहित अन्य जलापूर्ति व्यवस्थाओं की तत्काल जांच कर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने महत्वपूर्ण पेयजल परियोजनाओं में शेष पाइपलाइन कार्यों को शीघ्र पूरा करने, मोटर पंपों की मरम्मत के प्रस्ताव तत्काल भेजने और ग्रीष्मकालीन आकस्मिक योजना के तहत स्वीकृत कार्यों को समय पर पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। ट्रिपिंग और फॉल्ट शिकायतों पर समाधान के निर्देश
बिजली विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और ट्रिपिंग व फॉल्ट संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग को बढ़ती गर्मी के मद्देनजर हीट वेव, लू और मौसमी बीमारियों की संभावनाओं को देखते हुए चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा गया। बैठक में पंच गौरव के तहत संचालित गतिविधियों और “हरियालो राजस्थान” अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। प्रभारी मंत्री ने इन अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, व्यापक जनभागीदारी और प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि जिले के समग्र विकास को गति मिल सके। सभी विभागों को यह भी निर्देशित किया गया कि बजट घोषणाओं से संबंधित कार्य निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। बैठक में संभागीय आयुक्त एवं जिला प्रभारी सचिव वी. सरवण कुमार, जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता, जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह और एडीएम ओमप्रकाश सहारण सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।