अबोहर पुलिस ने 10 किलोग्राम पोस्त के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजपीर नगर निवासी मंगत राम उर्फ मंगता पुत्र स्वर्ण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 15, 61, 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना नंबर एक के सहायक थानेदार अमनदीप सिंह अपनी टीम के साथ बहावलवासी रोड, पंजपीर नगर के पीछे गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को कंधे पर बोरी ले जाते देखा। पुलिस टीम ने उसे रोककर बोरी की तलाशी ली तो उसमें से 10 किलोग्राम पोस्त बरामद हुआ। थाना प्रभारी बोले- आरोपी छह महीने से पोस्त तस्करी में शामिल है थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में मंगत राम ने खुलासा किया है कि वह पिछले छह महीने से पोस्त तस्करी में शामिल है। उसके खिलाफ पहले भी पोस्त से संबंधित एक मामला दर्ज है। आरोपी ने बताया कि उसने यह पोस्त राजस्थान के जोधपुर इलाके से 45 हजार रुपए में खरीदा था। वह इसे छोटी-छोटी मात्रा में नशा पीड़ितों को बेचकर 10 हजार रुपए का मुनाफा कमाना चाहता था। पुलिस अब उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी और आगे की कड़ी पूछताछ करेगी।