पठानकोट में डेमोक्रेटिक आशा वर्कर्स फेसिलिटेटर यूनियन पंजाब की जिला इकाई ने सोमवार को सिविल सर्जन दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। आशा वर्कर्स और फेसिलिटेटर्स ने अपनी लंबित मांगों और पिछले दो महीनों से वेतन न मिलने के विरोध में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
2 महीने से नहीं मिला वेतन
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि उन्हें पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके परिवारों का गुजारा चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि एक ओर वे लगातार स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी ड्यूटी निभा रही हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। सुविधाओं की कमी से जूझ रही वर्कर यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि आशा वर्कर्स लंबे समय से कम मानदेय और सुविधाओं की कमी से जूझ रही हैं। उन्होंने सरकार पर उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को जल्द पूरा करने और रुकी हुई सैलरी तुरंत जारी करने की मांग की। संघर्ष को करेंगे तेज यूनियन सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में संघर्ष को और तेज किया जाएगा। इस दौरान यूनियन की ओर से प्रशासन को एक मांग पत्र भी सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि कोरोना काल सहित हर मुश्किल समय में आशा वर्कर्स ने अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाई है, लेकिन आज भी उन्हें उनका पूरा हक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द उनकी मांगों को पूरा करने की अपील की।