कोटा रेंज आईजी हरेन्द्र कुमार ने रविवार को बारां जिले का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। आईजी ने पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि नव नियुक्त आईजी हरेन्द्र कुमार ने सबसे पहले रिजर्व पुलिस लाइन बारां का भ्रमण किया और पौधरोपण किया। इसके बाद वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। आईजी ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में एक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी और सभी थानाधिकारी मौजूद रहे। गोष्ठी में हत्या, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराधों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया। आईजी ने महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों के खिलाफ होने वाले अपराधों में त्वरित अनुसंधान और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को भी कहा। आईजी ने बारां जिले की मध्यप्रदेश से सटी सीमाओं को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई करने पर जोर दिया। आईजी ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण और न्यायालय से प्राप्त वारंटों की अधिक से अधिक तामील कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।