बांसवाड़ा में जिला स्पेशल टीम (DST) ने कलिंजरा थाना क्षेत्र से अवैध क्वार्ट्ज पत्थर से भरे एक डंपर को जब्त किया है। डंपर में करीब 40 टन अवैध क्वार्ट्ज पत्थर भरा हुआ था। कार्रवाई के बाद डंपर और पत्थरों को खनिज विभाग को सौंप दिया गया। कलिंजरा क्षेत्र में मिली थी अवैध परिवहन की सूचना पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया – राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज के भंडारण, तस्करी और परिवहन के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला विशेष शाखा के प्रभारी उपनिरीक्षक भंवरलाल और उनकी टीम को कलिंजरा क्षेत्र में अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। अंदेश्वर मंदिर के पीछे पहाड़ी से लाया जा रहा था पत्थर सूचना मिलते ही डीएसटी के उपनिरीक्षक भंवरलाल, कॉन्स्टेबल जगपाल, नवीन कुमार, संजय, अपनेश और वाहन ड्राइवर सुरेश कुमार की टीम ने कलिंजरा थाना क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान टीम ने क्वार्ट्ज पत्थरों से भरे एक डंपर को रोककर जांच की। डंपर में लदे पत्थरों के संबंध में ड्राइवर कोई वैध दस्तावेज या रवन्ना पेश नहीं कर सका, जिसके बाद टीम ने डम्पर को जब्त कर लिया। जांच में सामने आया कि यह क्वार्ट्ज पत्थर अंदेश्वर मंदिर के पीछे स्थित पहाड़ी के नीचे से अवैध रूप से खनन कर लाया जा रहा था। खनिज विभाग को दी गई अग्रिम कार्रवाई की सूचना एसपी जोशी ने बताया कि 40 टन अवैध क्वार्ट्ज पत्थर से भरे डंपर को जब्त कर लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई और जब्ती के संबंध में अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए खनिज विभाग की टीम को अवगत करा दिया गया है। जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
