रेगिस्तानी बाड़मेर में रविवार को सुबह से रुक-रुक हवाएं चल रही है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। वहीं अधिकतम तापमान भी 1 डिग्री गिरकर 44.3 डिग्री पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं कल से नौतपा शुरू हो रहा है। मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया है। इधर हवाएं चलने से ग्रामीण इलाकों में धूल उड़ रही है। इससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। शहर की सड़कें दोपहर के समय सुनसान नजर आई। आपको बतों दें कि शनिवार अधिकतम तापमान 45 डिग्री से पार पहुंच गया था। रविवार को भीषण गर्मी और दोपहर के समय चलने वाली गर्म हवाओं ने आम लोगों की दिनचर्या को अस्त-व्यस्त कर दिया है। दोपहर के समय लोगों की आवाजाही कम नजर आई। लोग घरों में ही रहें। दिनभर हवा रुक-रुक चलती रही। बढ़ती गर्मी के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। शिक्षा विभाग ने स्कूल की छुट्टियां 20 जून से बढ़ाकर 29 जून कर दी है। 12 मई रहा सबसे गर्म दिन मई माह में बार-बार मौसम बदलने के साथ तापमान में भी लगातार बदलाव देखने को मिला है। 12 मई को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया था, जब अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इसके बाद 13 मई को तापमान 45.2 डिग्री और 14 मई को 45.1 डिग्री दर्ज किया गया था। 15 मई को तेज हवाओं और बादलों की वजह से तापमान में करीब 4 डिग्री की गिरावट आई और पारा 41.4 डिग्री तक पहुंच गया। इसके बाद फिर से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी और 22 मई को अधिकतम तापमान फिर 43.3 डिग्री पहुंच गया है। अलगे दिन 23 मई को अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री बढ़कर 45.1 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री से गिरकर 28.7 डिग्री पहुंच गया।