केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि भीलवाड़ा देश की प्रमुख वस्त्र नगरी है और यहां के उद्योगपतियों की मेहनत, दूरदर्शिता एवं उद्यमशीलता ने इसे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है। एयर एवं रेल कनेक्टिविटी की कमी है केंद्रीय मंत्री मेघवाल रविवार को भीलवाड़ा टेक्सटाईल ट्रेड फैडरेशन द्वारा रिको ग्रोथ सेंटर स्थित फैडरेशन भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह में शामिल हुए।उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा के विकास में सबसे बड़ी बाधा एयर एवं रेल कनेक्टिविटी की कमी है, जिसे दूर करने के लिए केंद्र सरकार स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। टेक्सटाईल उद्योग से जुड़े हर विषय को आगे बढ़ाएंगे उन्होंने कहा कि यदि टेक्सटाईल उद्योग से जुड़े किसी भी विषय — चाहे वह वित्त मंत्रालय, निर्यात, प्रोसेसिंग अथवा अन्य मंत्रालयों से संबंधित हो को केंद्र सरकार के समक्ष रखने की आवश्यकता होगी तो वे पूरी संवेदनशीलता से उसे आगे बढ़ाएंगे।पूर्व में टेक्सटाईल क्षेत्र से जुड़े “TUFS” विषय पर लगाए गए शिविर का उल्लेख करते हुए उन्होंने पुनः आवश्यकता अनुसार शिविर आयोजित कराने का आश्वासन दिया। केंद्र सरकार मेगा टेक्सटाईल पार्क के लिए सकारात्मक पहल करेगी केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान को मेगा टेक्सटाईल पार्क के लिए भीलवाड़ा इसके लिए सबसे उपयुक्त स्थान है।उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा का इस पर अधिकार है और केंद्र सरकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मेगा टेक्सटाईल पार्क की स्थापना से भीलवाड़ा के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्षमता और दूरदर्शिता ने भीलवाड़ा को दिलाई राष्ट्रीय पहचान इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि भीलवाड़ा देश की वस्त्र नगरी के रूप में विख्यात है तथा यहां का लगभग 35 हजार करोड़ रुपये का टर्नओवर एवं हजारों करोड़ रुपये का निर्यात इसकी औद्योगिक क्षमता का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि यहां के उद्यमियों की कार्यक्षमता और दूरदर्शिता ने भीलवाड़ा को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। भीलवाड़ा के उद्योग, व्यापार और निर्यात क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि भीलवाड़ा की रेल एवं एयर कनेक्टिविटी को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करें। सांसद ने कहा कि हमीरगढ़ हवाई पट्टी के विकास एवं एयर कनेक्टिविटी स्थापित होने से जिले के उद्योग, व्यापार और निर्यात क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।उन्होंने कहा की मेगा टेक्सटाईल पार्क के लिए भीलवाड़ा को प्राथमिकता मिले। उन्होंने विशेष रूप से टेक्निकल टेक्सटाईल एवं चैलेंजिंग मोड आधारित पार्क के लिए भीलवाड़ा को सर्वाधिक उपयुक्त बताते हुए केंद्रीय मंत्री से सहयोग का आग्रह किया। इनकी रही मौजूदगी कार्यक्रम में फैडरेशन के संस्थापक सदस्यों एवं उद्योगपतियों ने भी भीलवाड़ा के औद्योगिक विकास, निर्यात संभावनाओं तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर अपने विचार रखे।इस दौरान विधायक अशोक कोठारी, फैडरेशन के पदाधिकारी एवं उद्योगपति उपस्थित रहे। सेक्रेटरी जनरल अंकित शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेम गर्ग, अध्यक्ष दामोदर अग्रवाल, वर्किंग प्रेसिडेंट तिलोक चंद छाबड़ा, संस्थापक सदस्य दिनेश नोलखा तथा कोषाध्यक्ष मदन गोपाल कालरा, श्याम चांडक उपस्थित थे। हवाई पट्टी पर एयर कनेक्टिविटी संभावनाओं का लिया जायजा इससे पूर्व भारत सरकार के केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हमीरगढ़ हवाई पट्टी का अवलोकन किया तथा वहां की वर्तमान व्यवस्थाओं एवं क्षेत्रीय एयर कनेक्टिविटी की संभावनाओं की जानकारी ली।सांसद अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री को भीलवाड़ा की औद्योगिक एवं व्यापारिक महत्ता से अवगत कराते हुए कहा कि बेहतर एयर कनेक्टिविटी विकसित होने से उद्योग, व्यापार, निवेश एवं निर्यात गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
