उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव से तेज बदबू आने पर क्षेत्रवासियों ने मौके पर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना सवीना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भी पहचान के लिए बुलाया लेकिन मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। थानाधिकारी गजवीर सिंह सोलंकी ने बताया कि देर शाम डॉ गिरिजा व्यास पेट्रोल पंप के सामने स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास खाली पड़े भूखंड में एक व्यक्ति का शव मिला है। शव को हॉस्पिटल मोर्चरी में रखवा दिया है। शव की अभी पहचान नहीं हुई है। टीम शिनाख्तगी के प्रयास कर रहे हैं। व्यक्ति की मौत के कारणों की जांच कर रहे हैं।