जोधपुर के काजरी ऑडिटोरियम में शनिवार को प्रधानमंत्री रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इसका आयोजन उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर रेल मंडल ने किया। इस दौरान केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के लगभग 51 हजार अभ्यर्थियों को संबोधित किया। उन्हें सरकारी सेवा में नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। सफलता के पीछे अभ्यर्थियों के साथ परिवारों का भी त्याग इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने अपने संबोधन में कहा- देश के विभिन्न हिस्सों से चयनित नव नियुक्त अभ्यर्थी भारत सरकार के अनेक मंत्रालयों एवं विभागों में अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा- इस सफलता के पीछे अभ्यर्थियों के साथ-साथ उनके परिवारों की भी मेहनत और त्याग जुड़ा हुआ है। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए परिवारों ने अनेक कठिनाइयों का सामना किया होगा, कई बार अपने सपनों और आवश्यकताओं से समझौता किया होगा। ताकि बच्चों का भविष्य संवर सके। उन्होंने नव नियुक्त अभ्यर्थियों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार के विश्वास और त्याग का सम्मान करते हुए राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। 191 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया- जोधपुर में विभिन्न विभागों के कुल 191 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें जोधपुर मंडल के 153 अभ्यर्थियों को सहायक लोको पायलट, तकनीशियन, जूनियर इंजीनियर एवं ट्रेन मैनेजर पदों पर नियुक्ति दी गई। इसके अतिरिक्त वित्तीय सेवा विभाग के 16, डाक विभाग के 20 तथा रक्षा विभाग के 2 अभ्यर्थियों सहित विभिन्न विभागों के चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। राज्यसभा सांसद राजेन्द्र सिंह गहलोत ने भी अपने संबोधन में नव नियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर समर्पण एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्मिक, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत तथा वाणिज्य विभागों ने आपसी समन्वय के साथ उत्कृष्ट कार्य किया। कार्यक्रम मे केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री एवं सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र सिंह गहलोत, विधायक अतुल भंसाली, मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.आर. बुनकर आदि शामिल हुए। 19वां रोजगार मेला देशभर के 47 विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया गया।

You missed