दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने जयपुर में हार्ट संबंधी इलाज करवाया है। बलकौर सिंह को सीने में दर्द और घबराहट हो रही थी। इसके बाद उन्हें जयपुर के राजस्थान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जांच रिपोर्ट में हार्ट की एक आर्टरी में ब्लॉकेज सामने आया, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत एंजियोप्लास्टी करने का निर्णय लिया। शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिली। जानकारी के अनुसार, बलकौर सिंह को कुछ दिनों से सीने में दर्द हो रहा था। पहले चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में भी दिखाया था, लेकिन आराम नहीं मिलने पर उन्होंने जयपुर में इलाज कराने का फैसला किया। बलकौर सिंह की अब तबीयत ठीक बताई जा रही है। जांच में हार्ट की एक आर्टरी में ब्लॉकेज सामने आया जयपुर में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र सिंह राव की देखरेख में बलकौर सिंह की विस्तृत जांच की गई। जांच रिपोर्ट में हार्ट की एक आर्टरी में ब्लॉकेज सामने आया, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत एंजियोप्लास्टी करने का निर्णय लिया। विशेषज्ञ टीम ने सफलतापूर्वक प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद उनकी स्थिति में लगातार सुधार देखा गया। इलाज के दौरान बलकौर सिंह की पत्नी चरण कौर और उनके बेटे शुभदीप सिंह सिद्धू सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय आराम करने और नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने की सलाह दी है। गैंगस्टर लॉरेंस से परिवार को मिल चुकी है धमकियां सिंगर सिद्धू मूसेवाला के मर्डर के बाद से बलकौर सिंह लगातार सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे हैं। अपने बेटे को न्याय दिलाने की लड़ाई भी लड़ रहे हैं। सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए बलकौर सिंह का जयपुर दौरा पूरी तरह गोपनीय रखा गया। इससे पहले उन्हें और उनके परिवार को गैंगस्टर लॉरेंस गैंग से धमकियां मिल चुकी है। इसी वजह से अस्पताल प्रशासन और परिवार की ओर से विशेष सतर्कता बरती गई। मौत को मई में चार साल पूरे होंगे
सिद्धू मूसेवाला की मौत को मई में चार साल पूरे हो जाएंगे। उनकी मौत 29 मई 2022 को हुई थी। तब उनकी उम्र महज 28 साल थी। सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद करीब 13 गीत रिलीज हो चुके हैं। मूसेवाला के गीत जैसे ही यू-ट्यूब पर अपलोड होते हैं। व्यूज व कमेंट करके हर बार नया रिकार्ड बना देते हैं। ‘आईज ऑन मी’ गाने के बाद अब प्रशसंकों को नए गीत का इंतजार है।
