25 मई को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो जयपुर आ रहे हैं। रूबियो 25 मई को दोपहर 2 बजे जयपुर पहुंचेंगे और 26 मई सुबह 6.30 यहां से रवाना होंगे। इस दौरान वह आमेर महल सहित शहर के प्रमुख टूरिस्ट पैलेस का दौरा करेंगे। वह 25 मई को दोपहर 3 बजे आमेर महल पहुंचेंगे। यहां उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी उनका स्वागत करेंगी। आमेर महल के जलेब चौक में उनके स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति की झलक दिखाने के लिए लोक कलाकारों और सांस्कृतिक दलों को भी तैयार किया जा रहा है। मार्को रूबियो के दौरे को लेकर जयपुर प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने संभावित रूट और कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियां होटल, पर्यटन स्थल और वीवीआईपी मूवमेंट वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। इसके अलावा ट्रैफिक मैनेजमेंट और आम जनता की आवाजाही को लेकर भी विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मार्को रूबियो 24 से 26 मई तक भारत के अलग-अलग शहरों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका नई दिल्ली, जयपुर, आगरा और कोलकाता जाने का कार्यक्रम है। भारत दौरे के दौरान वे कई अहम बैठकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकते हैं। माना जा रहा है कि यह दौरा भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए आमेर महल सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर साफ-सफाई, लाइटिंग और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि दौरे के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। अमेरिकी विदेश मंत्री का यह दौरा जयपुर के पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय पहचान के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है।
