करौली-सपोटरा के अमरगढ़ गांव में शनिवार को 40 फिट गहरे कुएं की मिट्टी में दबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मोतीपुरा मार्ग स्थित एक पुराने कुएं में पानी की मोटर निकालने के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे दोनों भाई करीब 15 फिट नीचे मिट्टी में दब गए। ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे तक रेस्क्यू चलाकर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सपोटरा थाना पुलिस, एसडीएम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
मोटर निकालने के लिए गहरा कर रहे थे कुआं सपोटरा थाना अधिकारी अबजीत कुमार ने बताया कि अमरगढ़ निवासी कमलेश (32) और मुकेश (35) पुत्र रामविलास, पुराने कुएं में मिट्टी के नीचे दबी पानी की मोटर निकालने का प्रयास कर रहे थे। मोटर तक पहुंचने के लिए दोनों भाई कई दिनों से कुएं को और गहरा कर रहे थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे काम के दौरान अचानक कुएं की मिट्टी ढह गई और दोनों युवक मिट्टी में दब गए। एक साल पहले कुएं की मिट्टी गिरने के कारण कुएं में लगी मोटर मिट्टी में दब गई थी। हादसे के बाद मची अफरा-तफरी घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। सरकारी संसाधनों के अभाव में ग्रामीणों ने खुद ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर जिला सिविल डिफेंस टीम, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

ढाई घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए बाहर ग्रामीणों और बचाव दल ने करीब ढाई घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को कुएं से बाहर निकाला गया और तुरंत सपोटरा अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
25 साल पहले अमरगढ़ में आकर बसा था परिवार ग्रामीणों के अनुसार, मृतक परिवार मूल रूप से डिकोली कला गांव का रहने वाला था। करीब 25 वर्ष पहले परिवार अमरगढ़ में आकर बस गया था। यहां जमीन खरीदकर उन्होंने अपना घर बनाया और खेतीबाड़ी का काम शुरू किया। गांव में पसरा मातम दो सगे भाइयों की एक साथ मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। मुकेश की पत्नी की 13 साल पहले मौत हो चुकी है। उसके एक बेटी है। वहीं, कमलेश के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।

You missed