बालोतरा में पति ने चाकू से पत्नी का गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद के गले और पेट पर भी चाकू से हमला किया। घायल पति को गंभीर हालत में बालोतरा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से जोधपुर रेफर किया गया है। घटना जिले के सिवाना के जीनगरों के वास में शनिवार दोपहर करीब पौने एक बजे की है। मामला पति-पत्नी में आपसी विवाद का बताया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस ने महिला के शव को सिवाना सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया है और घटनास्थल पर एफएसएल की टीम बुलाई गई है। पहले देखें घटना से जुड़े PHOTOS चाकू से पत्नी का गला काटा
सिवाना थाने के सीआई चंद्र सिंह ने बताया- नितेश कुमार जीनगर (32) निवासी समदड़ी ने अपनी पत्नी कान्ता (30) की हत्या कर दी। आरोपी पति ने चाकू से उसके गले पर वार किया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खुद के गले और पेट में भी किए वार
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति ने खुद के गले और पेट में भी चाकू घोंप लिया। खुद पर वार करने के बाद आरोपी हाथ में चाकू लेकर घटनास्थल से मुख्य मोहल्ले की तरफ लहुलुहान हालत में चलता हुआ आया। यहां एक दुकान के बाहर बैठ गया। गंभीर हालत में जोधपुर रेफर
आस-पास के लोगों ने युवक को लहुलुहान हालत में देखा तो घबरा गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाई और युवक को गंभीर हालत में सिवाना के सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर पहले बालोतरा के नाहटा हॉस्पिटल और फिर जोधपुर रेफर कर दिया गया। वहीं, आरोपी की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिवाना सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया है। बच्चों के साथ छुट्टियों में पीहर आई थी महिला
सीआई ने बताया- महिला कांता अपने 14 साल की लड़की और 10 साल के लड़के के साथ छुट्टियों में पीहर जीनगरों का वास आई हुई थी। शनिवार को पति नितेश जीनगरों के वास आया और कांता को घर के पास वाली गली में बुलाया। यहां दोनों बात-चीत कर रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इतने में आरोपी पति ने अपनी जेब से चाकू निकाला और महिला के गले पर वार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिवाना पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। उन्होंने क्षेत्र में बेरिकेडिंग करवाई और शव को सिवाना सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया। एफएसएल टीम को भी घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए बुलाया गया है। पुलिस को चाकू को बरामद कर लिया है। पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। नितेश मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता है। नितेश के परिवार में दो भाई और दो.बहनें और माता-पिता है।
