श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को श्रीगंगानगर के सरकारी हॉस्पिटल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और शव सड़क-खेत में बिखर गए। डैमेज कार के स्पीड मीटर में कांटा 100 पर अटका हुआ था। इंजन भी करीब 70 फीट दूर पड़ा था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, युवक नशे में गाड़ी चला रहा था। हादसा खिचिया गांव के पास दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। पहले देखिए हादसे से जुड़ी 2 तस्वीरें… शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था युवक
जानकारी के अनुसार- रावला थाना क्षेत्र के 4 KPD गांव निवासी गोपी राम के घर शादी थी। बारात रायसिंहनगर के खिचिया गांव जा रही थी। 5 युवक पृथ्वी राज (24) निवासी 2 KLM, मोहनलाल (24) निवासी 5 KYD, गोविंद राम (23) निवासी 4KLM, बाबूलाल (25) निवासी 4 KPD और घनश्याम (25) निवासी 5 KYD स्विफ्ट डिजायर कार से बारात में जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पृथ्वीराज कार चलाने की जिद करने लगा। इसके बाद ड्राइवर को पीछे बैठा दिया और खुद कार चलाने लगा। सभी युवकों ने शराब पी रखी थी। खिचिया मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर शीशम के पेड़ से टकरा गई। हादसे के दौरान गाड़ी की स्पीड काफी तेज थी। पेड़ से टकराते ही कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पृथ्वी राज, मोहनलाल और बाबूलाल की मौत हो गई, जबकि घनश्याम और गोविंद राम घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रायसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गाड़ी सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे। इनमें पृथ्वी राज गाड़ी चला रहा था। 100 की स्पीड से दौड़ रही थी कार
बारात में आए हरचंद ने बताया- क्षतिग्रस्त कार के स्पीड मीटर में कांटा 100 पर अटका हुआ था। पुलिस का अनुमान है कि कार 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ रही थी। इसी कारण पेड़ से टकराने के बाद उसके परखच्चे उड़ गए। इंजन भी करीब 70 फीट दूर पड़ा था। पटाखे लेकर आ रहे थे पांचों युवक
हरचंद ने बताया- हमारी गाड़ी हादसे का शिकार हुई गाड़ी से आगे चल रही थी। हम लोग शादी वाले घर तक पहुंच गए थे। पटाखों की जरूरत पड़ी तो हमें याद आया कि पीछे आ रही गाड़ी में पटाखे रखे हैं। हमनें गोविंद को कई बार फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। जब दूसरी गाड़ी शादी वाले घर पहुंची तो उनसे हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद हम सभी लोग घटनास्थल पहुंचे और एंबुलेंस से घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन तब तक 3 युवकों की मौत हो चुकी थी। हरचंद ने बताया- दूल्हा गोपी राम और दुल्हन रायसिंहनगर के श्यामगढ़ के ही रहने वाले हैं। हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया और जल्दबाजी में रस्में पूरी कर दुल्हन को विदा किया गया।
