नगर निगम और नगर कौंसिल चुनावों को लेकर फाजिल्का पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के उद्देश्य से शनिवार को फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह की अगुवाई में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च एसएसपी कार्यालय से शुरू होकर गौशाला रोड, शास्त्री चौक, सराफा बाजार और घंटाघर चौक से होते हुए संपन्न हुआ। फ्लैग मार्च के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि जिले में अबोहर नगर निगम और फाजिल्का नगर परिषद के चुनाव होने जा रहे हैं, जिसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले भर में करीब 1000 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जा रही है ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कराए जा सकें। SSP बोले- फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना एसएसपी ने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना है ताकि मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि किसी भी व्यक्ति को माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि किसी ने शरारत या धक्केशाही करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जिले में गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। कई संवेदनशील स्थानों पर नाकाबंदी भी की गई है। वहीं, पहले से आपराधिक मामलों में शामिल लोगों पर नजर रखते हुए प्रिवेंटिव कार्रवाई के तहत उन्हें राउंडअप किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील भी की है।
