कपूरथला जिले में यूरिया खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और गैर-कृषि उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए गठित डिप्टी कमिश्नर आकाश बंसल की स्पेशल टास्क फोर्स ने अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में, टास्क फोर्स ने औचक निरीक्षण के दौरान यूरिया खाद नियंत्रण आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर दो कोऑपरेटिव सोसाइटियों को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किए हैं। कृषि अधिकारी सदर मुकाम डॉ. विशाल कौशल ने बताया कि टास्क फोर्स ने भानो लंगा और खैरा दोना स्थित कोऑपरेटिव सोसाइटियों तथा निजी डीलरों के स्टॉक की गहन जांच की। इस जांच में नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिसके बाद दोनों कोऑपरेटिव सोसाइटियों को नोटिस जारी किए गए। DC बोले- प्रशासन खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध डिप्टी कमिश्नर आकाश बंसल ने स्पष्ट किया कि प्रशासन किसानों को खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी या खेती के अलावा किसी अन्य उपयोग को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। डॉ. कौशल ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में जिले की सभी कोऑपरेटिव सोसाइटियों, निजी डीलरों और खाद कंपनियों के रैक पॉइंट पर लगातार जांच अभियान जारी रहेगा। इसके अतिरिक्त, खाद की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कंपनी और कोऑपरेटिव सोसायटी से खाद के नमूने भी एकत्र किए जाएंगे। इस जांच अभियान में डॉ. तजिंदर सिंह (जिला प्रशिक्षण अधिकारी), डॉ. गुरविंदर सिंह (कृषि अधिकारी), डॉ. जसपाल सिंह (कृषि विकास अधिकारी) और गुरजोत सिंह (कृषि विकास अधिकारी) सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
