जालंधर के बस्ती गुजा स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर के पास बिजली संकट से गुस्साए वार्ड नंबर 55 के निवासियों ने बिजली विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इलाके में पिछले 30 घंटों से बिजली और पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप होने के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। इस प्रदर्शन की वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया है कि खराब ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही बिजली बहाल कर दी जाएगी। इलाके के निवासी काली थापर ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि बीती रात से पूरे इलाके की बत्ती गुल है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद कई घंटों तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लाइट न होने के कारण बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है, जिसके चलते उन्हें सड़क पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा।
स्थानीय पार्षद ने कहा की हमारे इलाके में ज्यादातर लोग मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों से हैं। लोगों के घरों में न तो इन्वर्टर हैं और न ही जनरेटर की सुविधा। ऐसे में बिना बिजली और पानी के रात काटना नरक जैसा हो गया है। धरने पर बैठे स्थानीय पार्षद तलविंदर सोई ने बताया कि उनके वार्ड में पिछले 30 घंटे से न तो बिजली आई है और न ही पानी की सप्लाई हुई है। उन्होंने बिजली विभाग और प्रशासन के ढुलमुल रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पिछड़े और संवेदनशील इलाकों में 24 घंटे बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि आम जनता को इस तरह की प्रताड़ना न झेलनी पड़े। दूसरी तरफ, बीच सड़क पर अचानक लगे इस धरने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। वहां से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को आने-जाने में भारी किल्लत का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग के अधिकारी गुरजीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांत करवाते हुए बताया कि बीती शाम इलाके का मुख्य ट्रांसफार्मर पूरी तरह से जलकर खराब हो गया था। उन्होंने तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि नया ट्रांसफार्मर जारी करवाने के लिए कागजी कार्रवाई (पेपरवर्क) करनी पड़ती है, जिसमें थोड़ा समय लग जाता है। अधिकारी गुरजीत सिंह ने आश्वासन दिया कि पेपरवर्क तैयार कर लिया गया है और विभाग की टेक्निकल टीम नए ट्रांसफार्मर को इंस्टॉल करने तथा बिजली व्यवस्था को जल्द से जल्द बहाल करने के काम में जुटी हुई है। अधिकारियों से मिले ठोस भरोसे के बाद स्थानीय निवासियों ने इस चेतावनी के साथ धरना समाप्त किया कि यदि जल्द ही बिजली नहीं आई, तो वे दोबारा उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
