बरनाला जिले में पुलिस ने बैंकों से पैसे निकलवाकर जाने वाले लोगों को निशाना बनाने वाले एक अंतर-जिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। तकनीकी सबूतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरोह के 2 महिलाओं सहित कुल 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कुछ दिन पहले भैणी जस्सा गांव के गुरजंट सिंह के साथ हुई लूट के बाद की गई। पीड़ित गुरजंट सिंह धनौला के एक बैंक से डेढ़ लाख रुपए निकलवाकर वापस जा रहे थे, तभी गिरोह ने उन्हें सूनसान जगह पर घेरकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कुल 4 आरोपियों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलविंदर कौर, सुखविंदर सिंह, निवासी धनौला, सुखबीर सिंह, निवासी खुड्डी कलां और जसविंदर कौर, निवासी ब्रह्मपुर के रूप में हुई है। अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाती थीं महिलाएं पुलिस पूछताछ में इस गिरोह के काम करने का तरीका (मोडस ऑपरेंडी) सामने आया है। गिरोह की महिलाएं सबसे पहले अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाती थीं। इसके बाद वे खाते में थोड़ी रकम जमा करवाकर उसे निकालने के बहाने बैंक की लाइनों में खड़ी हो जाती थीं। लाइन में खड़े रहकर वे बैंक में आने-जाने वाले ग्राहकों पर नजर रखती थीं कि कौन व्यक्ति बड़ी रकम निकलवा रहा है। जैसे ही कोई बड़ी रकम निकलवाता, ये महिलाएं तुरंत अपने पुरुष साथियों को इशारा कर देती थीं। इसके बाद गिरोह के बाकी सदस्य कार से उस व्यक्ति का पीछा करते थे और सूनसान जगह पर पहुंचकर नकदी छीनकर फरार हो जाते थे। यह गिरोह इसी तरह की लूटपाट से अपना खर्च चलाता था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से 2 को पहले ही रिमांड पर लिया जा चुका था। उनसे वारदात के समय लूटी गई रकम में से 20 हजार रुपए की नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार बरामद कर ली गई है। चोरी की कार भी पुलिस ने बरामद की पुलिस अभी कार के दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि पता चल सके कि कार आरोपियों की अपनी है या चोरी की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य साजिशकर्ता कुलविंदर कौर और सुखविंदर सिंह हैं। इनमें से कुलविंदर कौर का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी जबरन वसूली का मामला दर्ज है। यह गिरोह अलग-अलग गांवों के लोगों का एक समूह है, जिनका आपस में कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है। ​डीएसपी सिटी सतवीर सिंह ने बताया कि पहले स्नैचिंग और लूट के मामलों के अधीन मामला दर्ज किया गया है। गिरोह में कुल 5 सदस्य शामिल हैं, जिनमें से 4 पकड़े जा चुके हैं और 5वें की तलाश जारी है।