फ्यूजन ग्रुप की ओर से आयोजित ब्यूटी पेजेंट ‘मिसेज राजस्थान-2026’ के फिनाले वीक में प्रतिभागियों के मानसिक स्वास्थ्य और आत्मिक संतुलन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विशेष मेडिटेशन सेशन आयोजित किया गया। गुर्जर की थड़ी स्थित होटल ग्रैंड सफारी में आयोजित इस सत्र में मंत्रज्ञ और मेडिटेशन एक्सपर्ट निर्मला सेवानी ने प्रतिभागियों को तनाव, चिंता और मानसिक दबाव से निपटने के प्रभावी उपाय बताए। फिनाले की तैयारियों के बीच जहां प्रतियोगी महिलाएं लगातार ग्रूमिंग, ट्रेनिंग और विभिन्न गतिविधियों में व्यस्त हैं, वहीं मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के लिए यह विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। निर्मला सेवानी ने अपने सत्र की शुरुआत परिचय के साथ करते हुए बताया कि जीवन में विपरीत परिस्थितियां हर किसी के सामने आती हैं, लेकिन उन हालातों से बाहर निकलने के लिए मन को स्थिर और शांत रखना सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने नियमित मेडिटेशन, सकारात्मक सोच और सांसों पर ध्यान केंद्रित करने की तकनीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज की तेज़ जीवनशैली में चिंता, तनाव और मानसिक दबाव तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे समय में मेडिटेशन केवल मन को शांत करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति की भावनात्मक मजबूती बढ़ाने और निर्णय लेने की क्षमता को बेहतर बनाने में भी मदद करता है। सेशन के दौरान महिलाओं को बताया गया कि नियमित ध्यान करने से एकाग्रता बढ़ती है, नकारात्मक विचारों पर नियंत्रण मिलता है और आत्मविश्वास मजबूत होता है। प्रतिभागियों को सरल मेडिटेशन तकनीकों और एंग्जायटी कंट्रोल करने के अभ्यास भी करवाए गए। निर्मला सेवानी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने महिलाओं को सलाह दी कि वे अपने लिए समय निकालें, अपने विचारों को समझें और अपने मन की शांति को प्राथमिकता दें। मिसेज राजस्थान की आयोजक निमिषा मिश्रा ने बताया कि फिनाले वीक के दौरान रोजाना अलग-अलग ग्रूमिंग ट्रेनिंग सेशन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी महिलाएं कई बार अत्यधिक तनाव और दबाव महसूस करने लगती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए हर वर्ष मेडिटेशन और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में केवल बाहरी व्यक्तित्व ही नहीं, बल्कि ‘इनर ब्यूटी’ यानी आंतरिक आत्मविश्वास, मानसिक मजबूती और सकारात्मक सोच को भी महत्व दिया जाता है। इसी उद्देश्य से ‘इनर ब्यूटी सबटाइटल’ का आयोजन भी किया जाता है। गौरतलब है कि मिसेज राजस्थान-2026 का ग्रैंड फिनाले 24 मई को हेवा हेवन रिसोर्ट में आयोजित होगा। फिनाले में जयपुर की प्रसिद्ध डिजाइनर दिवा ड्रेसेज की मोनिका अडवानी का रॉयल कलेक्शन शोकेस किया जाएगा। वहीं शेड्स की जस्सी छाबड़ा प्रतिभागियों के लिए कॉकटेल लुक मेकअप स्टाइल प्रस्तुत करेंगी।
