चूरू में बुधवार को प्री-डी.एल.एड. परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर दो पारियों में आयोजित इस परीक्षा में कुल 10 हजार 811 अभ्यर्थी शामिल हुए। पहली पारी की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली, जबकि दूसरी पारी दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र की जांच के बाद ही अंदर जाने दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। दूसरी पारी के दौरान तेज धूप के कारण परीक्षार्थियों को केंद्र में जल्दी प्रवेश करने की उत्सुकता रही। लोहिया कॉलेज और जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सीनियर सेकेंडरी स्कूल जैसे कुछ केंद्रों पर छाया, ठंडे पानी और कूलर की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा की पहली पारी में कुल 6,603 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,350 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 1,253 अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में 6,602 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 5,461 ने परीक्षा दी, जबकि 1,141 अनुपस्थित रहे। जिला समन्वयक एवं लोहिया कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो वीक्षकों की नियुक्ति अनिवार्य की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन और पुलिस की कड़ी निगरानी रही। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
