बालोतरा जिले के सड़ा गांव में अवैध बजरी खनन से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने सिणधरी तहसील स्थित लीज नंबर 217 के संचालकों पर किसानों की खातेदारी जमीन में अवैध खनन का आरोप लगाया। उनका कहना है कि निर्धारित सीमा से बाहर जाकर बड़े पैमाने पर बजरी का खनन किया जा रहा है। आरएलपी नेता थान सिंह डोली ने बताया कि बजरी माफिया किसानों की काश्तकारी जमीन में मशीनों से खुदाई कर रहे हैं। इससे खेतों में बने बोरवेल, सिंचाई पाइपलाइन और बोई गई फसलें खराब हो रही हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर खनन माफिया उन्हें धमकियां देते हैं और बिना नंबर की गाड़ियों से डराने का प्रयास करते हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि बजरी निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेची जा रही है और एक रवानगी पर कई गाड़ियों का परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही, किसानों की जमीन को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
