डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के सुलई खेरवाड़ा गांव में 12वीं पास छात्रा ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना के समय छात्रा अपने छोटे भाई के साथ घर पर अकेली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोवड़ा थाने के हेड कॉन्स्टेबल खुशपाल सिंह ने बताया कि सुलई खेरवाड़ा निवासी जीवा अहारी ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार उनकी बेटी रीना ने हाल ही में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और घर पर ही रह रही थी। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे जीवा अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल की किस्त भरने डूंगरपुर गए हुए थे। घर पर उनका छोटा बेटा दीपू और पुत्री रीना ही मौजूद थे। दोपहर में जीवा डूंगरपुर में अपनी बहन के घर रुके थे, तब उनके भतीजे की बहू मंजू ने फोन पर सूचना दी कि रीना घर का दरवाजा नहीं खोल रही है। परिजन मौके पर पहुंचे और दरवाजा अंदर से बंद पाया। परिवार के सदस्यों ने मकान के ऊपर चढ़कर केलू हटाए और अंदर प्रवेश किया। कमरे में रीना का शव फंदे के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना से पहले रीना के पास एक छोटा नोकिया फोन था, जिसे उसके छोटे भाई दीपू ने अपने पास रख लिया था। इस बात से रीना नाराज हो गई थी और किसी से बात नहीं कर रही थी। हालांकि, आत्महत्या के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। हेड कॉन्स्टेबल खुशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किन परिस्थितियों में छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
