मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम सांवलियाजी मंदिर में भगवान के भंडार से निकली दान राशि की गणना मंगलवार को तीसरे राउंड में भी जारी रही। मंगलवार सुबह राजभोग आरती के बाद मंदिर मंडल और बैंक कर्मचारियों की मौजूदगी में दान राशि की गिनती शुरू की गई। अब तक मंदिर के भंडार से कुल 23 करोड़ 53 लाख 50 हजार रुपए की राशि प्राप्त हो चुकी है। हालांकि अभी भी बड़ी मात्रा में नोटों और चिल्लर की गिनती बाकी है, वहीं सोने-चांदी का वजन भी किया जाना बाकी है। मंगलवार को फिर शुरू हुई दान राशि की गिनती मंदिर मंडल के सदस्य पवन तिवारी ने बताया कि मंगलवार सुबह नियमित पूजा-अर्चना और राजभोग आरती के बाद दान राशि की गिनती का काम शुरू किया गया। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के बीच बैंक कर्मचारियों और मंदिर मंडल के अधिकारियों की निगरानी में नोटों और चिल्लर की गिनती की जा रही है। वहीं मंगलवार को हुई गणना में 6 करोड़ 46 लाख 50 हजार रुपए निकले। अब यह राशि 23 करोड़ 53 लाख से ज्यादा तक पहुंच गई है। श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई गई राशि को अलग-अलग चरणों में गिना जा रहा है और गिनती पूरी होने के बाद राशि को बैंकों में जमा कराया जा रहा है। पहले और दूसरे राउंड में भी करोड़ों की राशि निकली मंदिर प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार भंडार की गणना के पहले चरण में 11 करोड़ 30 लाख रुपए की राशि प्राप्त हुई थी। इसके बाद दूसरे राउंड में 5 करोड़ 77 लाख 50 हजार रुपए की गिनती की गई। वहीं मंगलवार को हुई गणना में 6 करोड़ 46 लाख 50 हजार रुपए निकले, जिन्हें बाद में विभिन्न बैंकों में जमा करवाया गया। इन सभी राउंड को मिलाकर अब तक कुल 23 करोड़ 53 लाख 50 हजार रुपए की राशि प्राप्त हो चुकी है। हालांकि अभी भी काफी मात्रा में नोट, सिक्के और सोने-चांदी के आभूषणों की गणना एवं वजन किया जाना बाकी है। देशभर से पहुंचते हैं श्रद्धालु, हर महीने खुलता है भंडार सांवलियाजी मंदिर मेवाड़ ही नहीं बल्कि पूरे देश में आस्था का बड़ा केंद्र माना जाता है। यहां राजस्थान सहित कई राज्यों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं और अपनी श्रद्धा अनुसार दान अर्पित करते हैं। हर माह चतुर्दशी के अवसर पर मंदिर का भंडार खोला जाता है और दान राशि की गणना की जाती है। मंदिर में नकद राशि के साथ-साथ सोना, चांदी और अन्य कीमती वस्तुएं भी बड़ी मात्रा में चढ़ाई जाती हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने से दान राशि में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।