कृषि विभाग की टीम ने मंगलवार को रास क्षेत्र में विभिन्न कृषि आदान विक्रेता प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस अभियान का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उचित मूल्य पर उपलब्ध कराना है। कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आदान निरीक्षक मीनाक्षी जैन, प्रियंका जाखड़ और पूर्ति दगदी ने रास क्षेत्र में स्थित कई खाद-बीज विक्रेता फर्मों का निरीक्षण किया। टीम ने मैसर्स गणपति खाद बीज भंडार, सांखला कृषि सेवा केंद्र, महादेव एग्रो सेल और ओम बीज भंडार सहित अन्य प्रतिष्ठानों पर स्टॉक रजिस्टर, विक्रय अभिलेख, लाइसेंस और गुणवत्ता संबंधी दस्तावेजों की गहनता से जांच की। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी किए गए। साथ ही, बीटी कपास बीज के नमूने लेकर उन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत जिलेभर में कृषि आदान विक्रेताओं की नियमित निगरानी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद, बीज और कीटनाशक खरीदें तथा खरीद की रसीद अवश्य प्राप्त करें। एसपी ने बुजुर्ग को देखकर गाड़ी रोकी, समस्या का समाधान कराया ब्वावर एसपी रतन सिंह ने कार्यालय आते समय पैदल चल रहे एक बुजुर्ग को देखकर अपनी गाड़ी रुकवाई और उन्हें अपने पास बुलाकर उनकी समस्या सुनी। बुजुर्ग ने अपनी शिकायत एसपी रतन सिंह को बताई। इस पर एसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी से फोन पर संपर्क किया। उन्होंने अधिकारी को मामले का शीघ्र निस्तारण कर बुजुर्ग की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक के इस व्यवहार की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।