जिला बाल सुरक्षा अधिकारी, अमृतसर की ओर से बच्चों और अभिभावकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक बच्चे 31 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। यह पुरस्कार देश के उन बच्चों को दिया जाता है जिन्होंने कम उम्र में अपने साहस, प्रतिभा और समाज सेवा से विशेष पहचान बनाई है। जिला बाल सुरक्षा अधिकारी तरनजीत सिंह ने बताया कि भारत के ऐसे बच्चे जिनकी आयु 18 वर्ष से कम है, वे निर्धारित योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और इसके लिए सरकार की आधिकारिक वेबसाइट awards.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। यह पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को दिया जाता है। इनमें बहादुरी, खेल, विज्ञान एवं तकनीक, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, कला और संस्कृति जैसे क्षेत्र शामिल हैं। ऐसे बच्चे जो दूसरों की मदद के लिए प्रेरणादायक कार्य करते हैं और समाज के लिए रोल मॉडल बनते हैं, उन्हें इस सम्मान से नवाजा जाता है। प्रतिभाशाली बच्चों को आगे लाने की अपील जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास के प्रतिभाशाली और साहसी बच्चों की जानकारी आगे लाएं तथा अधिक से अधिक योग्य बच्चों का आवेदन करवाएं, ताकि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान मिल सके। 31 जुलाई तक करें आवेदन यदि आपके परिवार या क्षेत्र में कोई बच्चा विशेष उपलब्धि हासिल कर चुका है, तो यह उसके लिए सुनहरा अवसर है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है, इसलिए समय रहते ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें।