पठानकोट के सरना-भीमपुर से गुजरती अपरबारी दोआब कैनाल नहर में नहाने गया 17 वर्षीय किशोर लापता हो गया। दोपहर से लापता किशोर का समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द गोताखोर व एनडीआरएफ की टीम बुलाने की गुहार लगाई है। फिल्हाल थाना सदर पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोपहर को दोस्तों के साथ आया था नहाने
गांव कोठी पंडितां निवासी रोहित के चाचा रिंकू कुमार ने बताया कि उनका भतीजा, जिसकी उम्र करीब 17 साल है, दोपहर के समय अन्य बच्चों के साथ नहर में नहाने के लिए आया था। अचानक उसका पैर फिसल गया और वो नहर के तेज बहाव में लापता हो गया। दोपहर करीब 2 बजे के करीब ये हादसा हुआ।
रिंकू कुमार ने बताया कि वो अपने काम पर था, जब मुझे फोन पर इस हादसे की सूचना मिली। मैं तुरंत मौके पर पहुंचा। दोपहर के वक्त बच्चे यहां नहाने आए थे और तभी से मेरा भतीजा लापता है। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। परिजनों की प्रशासन से मांग: बुलाई जाए NDRF की टीम
घटना को कई घंटे बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग न मिलने से परिजनों में गहरा रोष और चिंता है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत NDRF की विशेष टीम को मौके पर बुलाया जाए ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर बच्चे को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके।
परिजनों के अनुसार, घटना की सूचना दिए जाने के काफी समय बाद स्थानीय पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची। फिलहाल पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में लापता किशोर की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बांध प्रशासन से बात कर पानी बंद करवाया गया है। तलाश जारी है।
