जालंधर के बस स्टैंड के पास स्थित ‘गुजराल इमिग्रेशन’ के मालिक सन्नी गुजराल का उनके दफ्तर से दिनदहाड़े किडनैप करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पैसों के लेन-देन के विवाद में करीब 20 से 25 अज्ञात नौजवानों ने दफ्तर में घुसकर सन्नी गुजराल के साथ मारपीट की और जबरन गाड़ी में डालकर पठानकोट चौक की तरफ ले गए। हालांकि, सन्नी ने सूझबूझ दिखाई और चलती गाड़ी से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। यह पूरी वारदात दफ्तर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोप है कि अज्ञात हमलावर सन्नी गुजराल को जबरन गाड़ी में डालकर पठानकोट चौक की तरफ ले गए। इस दौरान सन्नी गुजराल ने खुद को बचाने के लिए काफी मशक्कत की। किडनैपिंग की यह पूरी वारदात दफ्तर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। एजेंट मालिक को कुर्सी से जबरदस्ती उठाने की कोशिश सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कुछ नौजवान दफ्तर में घुसते हैं और एजेंट मालिक को कुर्सी से जबरदस्ती उठाने की कोशिश करते हैं। सन्नी गुजराल खुद को बचाने के लिए फर्श पर बैठ जाते हैं, लेकिन हमलावर उन्हें घसीटते हुए दफ्तर से बाहर ले जाते हैं। 20 से 25 नौजवानों ने किया अपहरण घटना के वक्त सन्नी गुजराल की पत्नी बच्चे को लेने के लिए स्कूल गई हुई थी। इसी बीच दफ्तर के करीब रहने वाले ‘जिंदी’ नामक व्यक्ति ने बताया कि 20 से 25 नौजवान अचानक आए और सन्नी को उठा ले गए। उन्होंने तुरंत सन्नी की पत्नी को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने पूरे जालंधर में की नाकेबंदी घटनाक्रम की सूचना मिलते ही सन्नी गुजराल के करीबी एक पूर्व सांसद को मिली, उन्होंने तुरंत पुलिस के उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और पूरे जालंधर शहर में नाकेबंदी कर दी गई। दूसरी तरफ, किडनैपर्स की चंगुल में फंसे सन्नी गुजराल ने हिम्मत नहीं हारी। जब गाड़ी पठानकोट चौक की तरफ बढ़ रही थी, तो सन्नी ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी और भागकर अपनी जान बचाई। गाड़ी से कूदने के बाद वह सीधे थाना रामा मंडी पहुंचे। थाना रामा मंडी की पुलिस ने तुरंत पीड़ित से पूछताछ शुरू कर दी है। सन्नी गुजराल ने पुलिस को बताया कि उनका किसी के साथ पैसों का लेन-देन जरूर था, लेकिन इस तरह से सरेआम किडनैपिंग और मारपीट करना बिल्कुल गलत है। पीड़ित ट्रैवल एजेंट ने पुलिस में दी शिकायत पीड़ित ट्रैवल एजेंट ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस को लिखित शिकायत दे दी है। रामा मंडी पुलिस अब सन्नी को आगे की कार्रवाई के लिए बस स्टैंड चौकी लेकर जा रही है, जहां इस मामले की एफआईआर (FIR) दर्ज की जा रही है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की मांग की इस घटना के बाद से सन्नी की पत्नी और उनका परिवार गहरे सदमे और परेशानी में है। सन्नी की पत्नी का कहना है कि वह उन लोगों को नहीं जानतीं जो उनके पति को उठाकर ले गए थे। परिवार ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।
