पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के चंडीगढ़ स्थित आवास पर राधा स्वामी सत्संग ब्यास (RSSB) के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने पहुंचकर उनसे और उनके परिवार से मुलाकात की। इस दौरान डेरा ब्यास मुखी ने पूर्व सीएम की सेहत का हाल-चाल जाना और परिवार को अपना आशीर्वाद दिया। कैप्टन अमरिंदर सिंह का हाल-चाल जानने पहुंचे डेरा ब्यास मुखी पंजाब की सियासत और आध्यात्म के नजरिए से यह एक बेहद खास और पारिवारिक मुलाकात रही। राधा स्वामी सत्संग ब्यास के पूजनीय मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने अचानक चंडीगढ़ स्थित पूर्व मुख्यमंत्री के घर पहुंचकर सबको सुखद आश्चर्य में डाल दिया। बताया जा रहा है कि इस शिष्टाचार भेंट का मुख्य उद्देश्य कैप्टन अमरिंदर सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी लेना था। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच काफी आत्मीय बातचीत हुई। बेटी जय इंदर कौर ने सोशल मीडिया पर जताई खुशी इस खास मौके की तस्वीरें और जानकारी कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी और भारतीय जनता पार्टी की नेता जय इंदर कौर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं। उन्होंने तस्वीरों के साथ एक भावुक संदेश भी लिखा जिसमें उन्होंने डेरा मुखी के आगमन पर गहरी खुशी और आभार व्यक्त किया। जय इंदर कौर ने अपने पोस्ट में लिखा राधा स्वामी सत्संग ब्यास के पूजनीय मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों जी आज चंडीगढ़ में हमारे घर पधारे। इस दौरान उन्होंने मेरे पिता कैप्टन अमरिंदर सिंह जी की सेहत को लेकर उनका हाल-चाल जाना। हमारे घर में चरण स्पर्श करने और हम सभी को अपना कीमती आशीर्वाद देने के लिए हम बाबा गुरिंदर ढिल्लों जी का हृदय से धन्यवाद करते हैं। पंजाब में है RSSB का गहरा प्रभाव गौरतलब है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह उम्र के इस पड़ाव पर पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी उतार-चढ़ाव का सामना कर रहे हैं। ऐसे में राधा स्वामी सत्संग ब्यास जैसी आध्यात्मिक संस्था के प्रमुख का स्वयं चलकर उनके घर आना एक बड़ी बात है। पंजाब सहित देशभर में राधा स्वामी सत्संग ब्यास के करोड़ों अनुयायी हैं और बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों का सभी राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बेहद सम्मान किया जाता है। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर आते ही लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई हैं।
