लुधियाना थाना नंबर 7 के अंतर्गत आते इलाके ताजपुर रोड की इंद्रपुरी से मामला सामने आया है। यहां किराए के मकान में रहने वाले एक होजरी वर्कर ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान विकास कुमार (40)के रूप में हुई है। घटना का पता सोमवार सुबह करीब 8 बजे चला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। एक दिन पहले पत्नी को जालंधर बस में बिठाकर आया था प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक विकास कुमार होजरी फैक्ट्री में हेल्पर का काम करता था। परिवार में पत्नी और दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं। बताया जा रहा है कि विकास ने एक दिन पहले ही अपनी पत्नी को जालंधर (मायके) जाने के लिए बस में बिठाया था। पत्नी के जाने के बाद घर पर विकास और उसके दोनों बच्चे ही थे। रात 2 बजे के करीब उठाया कदम, बच्चों को नहीं लगी भनक विकास जिस मकान में रहता था उसमें नीचे की तरफ किराए के दो कमरे हैं जबकि ऊपरी मंजिल पर मकान मालिक रहते हैं। आशंका जताई जा रही है कि रात करीब 2 बजे जब बच्चे एक कमरे में गहरी नींद में सो रहे थे तब विकास ने दूसरे कमरे में जाकर पंखे से फंदा लगा लिया। बच्चों को रात में इस घटना की जरा भी भनक नहीं लगी। सुबह बच्चों ने मां को किया फोन-पापा पंखे से लटक रहे हैं सुबह करीब 8 बजे जब बच्चे सोकर उठे तो उन्होंने पिता का शव पंखे से लटकता देखा। घबराए मासूमों ने तुरंत अपनी मां को कॉल की और कहा पापा को पता नहीं क्या हो गया है वो पंखे से लटक रहे हैं। पत्नी ने शुरुआत में बच्चों की बात पर विश्वास नहीं किया और इसे मजाक समझा। लेकिन जब रिश्तेदारों ने फोन पर बात कर घटना की जानकारी दी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह तुरंत घर पहुंची। बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से परिवार सदमे में है। पुलिस कर रही कारणों की जांच घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर 7 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है कि विकास ने यह खौफनाक कदम किस परेशानी के चलते उठाया। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
