लुधियाना में थाना कूमकलां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइकिल चोरी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 55 साइकिलें और वारदात में इस्तेमाल की गई महिंद्रा बोलेरो पिकअप भी बरामद की है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। फैक्ट्री के ट्रक से चुराए थे साइकिलों के बॉक्स पुलिस के मुताबिक 14 मई 2026 को गांव संगोवाल निवासी मनमोहित सिंह ने शिकायत दी थी कि गांव भैणी साहिब स्थित उसकी फैक्ट्री के ट्रक से 35 गत्तों में पैक साइकिलें चोरी कर ली गईं। आरोपी महिंद्रा बोलेरो पिकअप नंबर PB-11-BA-5999 में आए थे और सामान लेकर फरार हो गए। शिकायत के बाद थाना कूमकलां में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 15 मई को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण कपूर उर्फ लक्की, हरविंदर सिंह उर्फ हनी, सुरजीत सिंह उर्फ ज्ञानी, शिवम उर्फ काला के रूप में हुई है। आरोपियों पर पहले से 41 केस दर्ज पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके खिलाफ पहले से चोरी, लूट और नशा तस्करी के कुल 41 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि करीब 10 दिन पहले उन्होंने मलेरकोटला जिले से महिंद्रा बोलेरो पिकअप चोरी की थी। उसी वाहन का इस्तेमाल कर उन्होंने साइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल कर लिया है। अब उनसे अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।