रोपड़ की श्री चमकौर साहिब पुलिस ने कनाडा भेजने के नाम पर 15 लाख रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में एक ट्रैवल एजेंट और उसकी बहन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह मामला गांव झल्लियां कलां के एक युवक के साथ हुई ठगी से संबंधित है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि शिकायतकर्ता हरप्रीत सिंह ने मार्च 2026 में एसएसपी को शिकायत दी थी। हरप्रीत ने अपने बेटे प्रगट सिंह को कनाडा भेजने के लिए अंबाला के ट्रैवल एजेंट गौरव शर्मा से संपर्क किया था। दोनों के बीच 23 लाख रुपए में कनाडा भेजने का सौदा तय हुआ था। हरप्रीत सिंह ने गौरव शर्मा और उसकी बहन रितू जोशी को अलग-अलग किस्तों में कुल 15 लाख रुपए दिए। इसमें 10 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए, जबकि 5 लाख रुपए नकद दिए गए। आरोप है कि पैसे लेने के बावजूद आरोपियों ने न तो वीजा लगवाया और न ही प्रगट सिंह को कनाडा भेजा। पैसे वापस मांगने पर मामला पुलिस संज्ञान में आया जब हरप्रीत सिंह ने अपने पैसे वापस मांगे, तो मामला पुलिस के संज्ञान में आया। जांच के दौरान 2 जनवरी 2026 को डीएसपी कार्यालय में दोनों पक्षों के बीच एक समझौता हुआ। इसमें आरोपियों ने 8 लाख रुपए लौटाने पर सहमति जताई और इसके लिए सात चेक दिए। हालांकि, जब 1 लाख रुपए का पहला चेक बैंक में जमा किया गया, तो खाता ब्लॉक होने के कारण वह बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपियों ने शेष राशि लौटाने में भी आनाकानी शुरू कर दी। डीएसपी मनजीत सिंह औलख की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी रूपनगर ने मामला दर्ज करने का आदेश दिया। कानूनी राय लेने के बाद, पुलिस ने ट्रैवल एजेंट गौरव शर्मा और उसकी बहन रितू जोशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच एएसआई रणजीत सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।