बाघा पुराना क्षेत्र के गांव माड़ी मुस्तफा में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक को उपचार के लिए बठिंडा के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में करीब 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कर रहे सहायक थाना प्रभारी चरणजीत सिंह ने बताया कि घायल युवक सिकंदर सिंह निवासी गांव माड़ी मुस्तफा ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह गांव में लग रहे मेले को देखने गया था। इसी दौरान उसके ससुराल पक्ष से संबंधित कुछ लोग भी वहां मौजूद थे। सिकंदर सिंह के अनुसार, आरोपियों में भिंदर सिंह, जगतार सिंह (निवासी गांव बुर्ज लद्धा, बठिंडा) और भिंदर सिंह (निवासी गांव करमपुरा) सहित 6-7 अज्ञात व्यक्ति शामिल थे। आरोप है कि इन लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला कर दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुरानी रंजिश में हुआ था हमला घायल युवक ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले परिवार की महिलाओं के बीच आपसी विवाद हुआ था। इसी विवाद के कारण आरोपियों ने रंजिश रखते हुए 20 मार्च को उस पर हमला किया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल सिकंदर सिंह को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जांच अधिकारी चरणजीत सिंह ने आगे बताया कि डॉक्टर की एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।