संगरूर के धुरी में नगर काउंसिल चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य कार्यालय का घेराव किया और ‘आप’ सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। भाजपा नेताओं का कहना है कि उनके एमसी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया जा रहा है। भाजपा का आरोप है कि ‘आप’ नेता उनके उम्मीदवारों पर नामांकन वापस लेने और ‘आप’ में शामिल होने का दबाव बना रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने यह भी दावा किया कि जो उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं, उन्हें धमकाया जा रहा है कि अगर उन्होंने अपने कागजात वापस नहीं लिए तो उनके घर तोड़ दिए जाएंगे। भाजपा नेता ने आप पर लगाया मनमानी का आरोप इस दौरान भाजपा नेता ओंकार सिंह ने ‘आप’ पर मनमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को लगातार परेशान किया जा रहा है। ओंकार सिंह ने वार्ड नंबर 3 से भाजपा उम्मीदवार सोनी बांगरू का उदाहरण दिया, जो पिछले 35-40 वर्षों से पार्टी से जुड़े हुए हैं। उन्हें कथित तौर पर 5 लाख रुपए का बिजली बिल भेजा गया है और घर गिराने की धमकी दी जा रही है। ओंकार सिंह ने बताया कि इस उत्पीड़न के कारण सोनी बांगरू काफी परेशान हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के एक अन्य कार्यकर्ता को भी उठा लिया गया है। ओंकार सिंह ने इसे ‘गुंडागर्दी’ करार देते हुए कहा कि सत्ता हमेशा एक जैसी नहीं रहती। भाजपा नेता ने प्रशासन और चुनाव आयोग से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। यह रिपोर्ट धुरी से जावेद अंजुम द्वारा दी गई है।