मोगा पुलिस ने पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक और उसके दोस्त को अगवा कर बंधक बनाने और मारपीट करने के आरोप में कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच अधिकारी मोहकम सिंह ने बताया कि बेदी नगर निवासी आकाशदीप कड़वाल ने शिकायत दर्ज कराई है। आकाशदीप के अनुसार 5 मई को शाम करीब 8:30 बजे आरोपियों ने उसे और उसके दोस्त दलजीत सिंह को बातचीत के बहाने अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उन्हें कच्चा दोसांझ रोड स्थित अपने घर ले जाकर जबरन बंधक बना लिया गया। आकाशदीप को गंभीर चोटें आईं शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने बंधक बनाने के बाद दोनों युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकियां भी दीं। इस घटना में आकाशदीप को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया। कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज पुलिस ने इस मामले में लखवीर सिंह, निर्मल सिंह (पुत्र गुरदेव सिंह, निवासी कच्चा दोसांझ रोड मोगा), लखवीर सिंह के बेटे, गांधी नामक व्यक्ति और 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं 115(2), 127(2), 191(3), 190 और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा विवाद पैसों के लेन-देन को लेकर चली आ रही रंजिश का परिणाम है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
