जालंधर के नूरमहल स्थित चीमा कलां चौक पर बोलेरो गाड़ी और एक्टिवा स्कूटर की टक्कर में 25 वर्षीय युवक गुरप्रीत उर्फ गोपा की मौत हो गई। यह हादसा आज दोपहर हुआ। मृतक गुरप्रीत उर्फ गोपा चीमा खुर्द गांव के पूर्व सरपंच पाल चंद का बेटा था। वह नूरमहल में एक किराना स्टोर पर काम करता था। जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत दोपहर में अपने एक्टिवा स्कूटर पर लंच के लिए घर जा रहा था। इसी दौरान अकाल एकेडमी की बोलेरो गाड़ी (नंबर PB08 FG 2589) ने उसके स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बोलेरो का चालक मौके से फरार हो गया। नूरमहल के सिविल अस्पताल में रखवाया शव युवक के शव को नूरमहल के सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। नूरमहल पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी एसआई सुभाष चंद ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।