लुधियाना के पॉश इलाके में दिनदहाड़े चोरी की एक घटना सामने आई है। पूरा परिवार घर में मौजूद था और बुजुर्ग सामने ही कुर्सी पर बैठे थे, फिर भी चाबी बनाने आए ठगों ने बड़ी चालाकी से अलमारी के लॉकर से करीब 50 तोला सोना चोरी कर लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। घर के बुजुर्ग ने बताया कि एक दिन पहले एक चाबी बनाने वाला गली से गुजर रहा था। उन्होंने उसको बुलाकर मेन गेट का लॉक ठीक करवाया जिसके उसने 150 रुपए लिए। इसके बाद उसने अलमारी का लॉक ठीक करने को कहा। उसने चालाकी से एक पतली चाबी मांगी और लॉक के अंदर फंसा दी। उसने कहा कि यह लॉक अब नहीं खुलेगा और कल सुबह वह अपने चाचा को लेकर आएगा, जिनको 30 साल का तजुर्बा है। अगले दिन ‘चाचा’ के साथ आया और उड़ा ले गया सोना आज सुबह दोनों आरोपी साइकिल पर घर पहुंचे। एक आरोपी ने बुजुर्ग को सामने की तरफ हैंडल ठीक करने में उलझा लिया। इसी दौरान, दूसरे ने सफाई से अंदर का लॉकर खोल लिया। लॉकर में रखे एक पाउच से उसने सारा सोना निकाला अपनी जेब में रखा और खाली पाउच वापस वहीं फेंक दिया। काम पूरा होने के बाद वे लोग बिना अपने काम के पैसे मांगे ही वहां से निकल गए। पुलिस ने शुरू की जांच घटना के तुरंत बाद परिवार ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन को सूचित किया। महिला सदस्य ने बताया कि इस इलाके में पिछले एक महीने में यह 5वीं या 7वीं चोरी की घटना है। मॉडल टाउन थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सारी सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है, जिसमें आरोपियों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं। परिवार ने पुलिस और प्रशासन से आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ कर उनका सामान वापस दिलवाने की गुहार लगाई है।
